Haryana Assembly Budget Session 2026
Haryana Assembly Budget Session 2026 : चंडीगढ़ 24 फरवरी 2026- हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को बुढ़ापा पेंशन के मुद्दे पर सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में सरकार के खिलाफ मार्च निकाला और पेंशन रोकने के आरोप लगाए।
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने सरकार से सवाल किया कि जांच के नाम पर कितने बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन रोकी गई है और 2024 के बाद कितने मामलों में पेंशन बंद की गई। Haryana Assembly Budget Session 2026 उन्होंने यह भी पूछा कि पेंशन रोकने के लिए सरकार ने क्या मापदंड तय किए हैं।
इस पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने पेंशन से जुड़े आंकड़े प्रस्तुत करने शुरू किए, जिस पर कांग्रेस विधायक ने कहा कि समय बर्बाद करने की जरूरत नहीं, केवल यह बताया जाए कि वेरिफिकेशन के नाम पर कितनी पेंशन रोकी गई हैं। मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है और सरकार का कर्तव्य है कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाए।

मामले पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने बुजुर्गों के बीच अफवाह फैलाकर गलत काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाकर उनका सम्मान कर रही है और वर्तमान में किसी की पेंशन रोकी नहीं गई है, सभी पात्र लाभार्थियों की पेंशन जारी कर दी गई है।
इस दौरान सदन में आईडीएफसी बैंक धोखाधड़ी का मामला भी गूंजा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार के खातों में 578 करोड़ रुपये वापस आ चुके हैं, जिनमें 556 करोड़ रुपये मूलधन और 22 करोड़ रुपये ब्याज शामिल है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए वित्त सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार में किसी भी घोटाले को दबाया नहीं जाएगा, जबकि पहले ऐसी फाइलें लंबित पड़ी रहती थीं। इस बयान पर कांग्रेस विधायकों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया।
वहीं, हरियाणा लोक सेवा आयोग में भर्ती से जुड़े मुद्दे पर कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव दिया है, जिस पर 25 फरवरी को दोपहर 3 बजे सदन में सुनवाई होगी।
नोट: पंजाबी की ब्रेकिंग खबरें पढ़ने के लिए आप हमारे CAi TV ਐਪ ਨੂੰ ਡਾਊਨਲੋਡ यदि आप वीडियो देखना चाहते हैं तो Crime Awaz India पर देख सकते हैं। ਦੇ YouTube चैनल को Subscribe कर लें।W/A Channel Follow करो Crime Awaz India सभी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध है। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, कू, शेयरचैट और डेलीहंट पर भी फॉलो कर सकते हैं।
